उत्तराखंड में 1365 क्रिटिकल और 809 वलनरेबल पोलिंग बूथ, सभी पोलिंग पार्टियां रवाना

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 18 अप्रैल 2024

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने राज्य में सभी पोलिंग पार्टियां अपने बूथों के लिए रवाना हो चुकी हैं। अभी तक नौ हजार 500 पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच चुकी हैं। गुरुवार शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच जाएंगी।

सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए जोगदंडे ने बताया कि राज्य में सामान्य निर्वाचन 2024 के तहत प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है जो सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रारंभ होने से पहले सभी पोलिंग पार्टियां मॉक पोल करेंगी। मतदान प्रारंभ करने की सूचना उपलब्ध कराएंगी। इसके बाद हर दो घंटे में मतदान की सूचनाएं दी जाएंगी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जोगदंड ने बताया कि परिवहन विभाग यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करता रहेगा। नागरिक को यातायात में कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी। विवाह कार्यों में लगे वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। सभी राजकीय चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 24 घंटे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों पेयजल, विद्युत, आपदा प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग भी सभी व्यवस्थाएं 24 घंटे संचालित करते रहेंगे, ताकि मतदाताओं और पोलिंग पार्टियों को किसी भी प्रकार से असुविधा न हो।

राज्य में 293 फ्लाइंग स्क्वायड और 252 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम अलर्ट-

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में 1365 क्रिटिकल पोलिंग बूथ और 809 वलनरेबल पोलिंग बूथ चिन्हित किए गए हैं। इन पोलिंग स्टेशन पर पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था रहेगी। मतदान से 48 घंटे पूर्व सभी फ्लाइंग स्क्वायड और स्टेटिक्स सर्विलांस टीम सघन चेकिंग करेगी। इसके दृष्टिगत राज्य में 293 फ्लाइंग स्क्वायड और 252 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम अलर्ट मोड पर रहेंगे।

अब तक 16 करोड़ 41 लाख मूल्य की जब्ती-

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आचार संहिता प्रभावी होने के बाद से अभी तक 16 करोड़ 41 लाख मूल्य की जब्ती की गई है। पुलिस विभाग ने सबसे अधिक आठ करोड़ 94 लाख, आयकर विभाग छह करोड़ 14 लाख, आबकारी विभाग 91 लाख मूल्य की जब्ती की है। पांच करोड़ 90 लाख की जब्ती कैश के रूप में, शराब के रूप में तीन करोड़ छह लाख, नारकोटिक्स संबंधित मामलों में चार करोड़ तीन लाख मूल्य की जब्ती हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *