ग्रीन गेम्स थीम पर होंगे उत्तराखंड में 38वें नेशनल गेम्स, मुख्यमंत्री बोले- खेल भूमि के रूप में उभरेगा राज्य

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 09 दिसंबर 2024

उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में इन तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जो न केवल प्रदेश की खेल संस्कृति को प्रोत्साहन देगा, बल्कि इसे खेल भूमि के रूप में स्थापित करने में भी मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खिलाड़ियों के रहने, खाने, परिवहन और आयोजन स्थलों तक पहुंचने की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। भोजन की पौष्टिकता और सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। साथ ही हर विभाग से एक नोडल अधिकारी की तैनाती कर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन ग्रीन गेम्स की थीम पर किया जाएगा। इसके तहत प्लास्टिक के उपयोग को सीमित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल और शौचालय की सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखा जाएगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थलों पर सड़कों की कनेक्टिविटी, फायर सेफ्टी ऑडिट और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। खेल स्थलों पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का भी इंतजाम होगा।

राष्ट्रीय खेलों की तैयारी पर समीक्षाएं और ट्रायल

भारतीय ओलंपिक संघ की गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी की अध्यक्ष सुनैना कुमारी ने कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां संतोषजनक ढंग से चल रही हैं। अवस्थापना सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है और हर स्टेडियम का ट्रायल आयोजन से पहले होगा।

मुख्यमंत्री ने तीरंदाजी खिलाड़ियों से भेंट कर बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने राष्ट्रीय खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने तीरंदाजी खिलाड़ियों से भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया और खुद भी तीरंदाजी में भाग लिया।

आयोजन की सफलता में जनता की भागीदारी आवश्यक

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में प्रदेश की जनता का सहयोग महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी, विधायक और खेल विशेषज्ञ उपस्थित थे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *