मुख्यमंत्री धामी ने प्रेस क्लब के क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 01 अप्रैल 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित इंटर क्रिकेट टूर्नामेंट का मैच खेलकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब में खेल सामग्री के लिए पांच लाख रुपये की घोषणा भी की। यह टूर्नामेंट महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज में सात अप्रैल तक चलेगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अमूमन पत्रकार साथी खेलों की रिर्पोटिंग कर खबर बनाते हैं। इस तरह के आयोजन से उन्हें खेल मैदान में जहां अपनी प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं खेलों से उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट की सराहना करते हुए आमजन को अपनी दिनचर्या में खेल गतिविधि को शामिल करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि आज भागदौड़ के जीवन में जरूरी है कि व्यक्ति खेलों से जुड़कर मानसिक तनाव से दूर रहे और स्वस्थ रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के हित में निरंतर प्रयासरत है। खिलाड़ियों को अधिकतम खेल सुविधाओं को देने की कोशिश जारी है। इससे आने वाले दिनों में राज्य के खिलाड़ी नेशनल गेम्स की तरह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक लाकर राज्य का नाम रोशन करेंगे।

इस मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक खेल प्रशांत आर्य, खिलाड़ी, क्लब के मेंबर, सहित खेल कार्यकारणी के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *