महिला समूहों के उत्पाद के मूल्य को बढ़ाए : राज्यपाल

उत्तराखंड(नैनीताल),शुक्रवार 13 जून 2025

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने गुरुवार को नैनीताल राजभवन में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूहों की उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में नैनीताल जनपद के भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्र की महिलाओं ने ऐपण, लकड़ी की कलाकृतियां, हस्तशिल्प, बेकरी, अचार, जैम और मसालों सहित विविध उत्पाद प्रदर्शित किए। राज्यपाल ने इन उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और सृजनात्मकता की सराहना करते हुए महिलाओं की आत्मनिर्भरता को प्रेरणास्पद बताया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं न केवल प्रतिभाशाली हैं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस प्रयास कर रही हैं। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों की गुणवत्ता में हुई प्रगति को सराहनीय बताया और सुझाव दिया कि उनमें और अधिक मूल्य संवर्धन किया जाए, जिससे उत्पादों की मांग और मूल्य दोनों में वृद्धि हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उत्कृष्ट कार्य कर रहे समूहों की प्रेरणादायक कहानियां तैयार कर प्रचारित की जाएं, जिससे अन्य महिलाएं भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने इसे ‘स्थानीय से वैश्विक’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया और मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि महिला समूहों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग व विपणन में सहयोग देने हेतु विशेषज्ञों से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

इस अवसर पर अधिकारियों ने महिला समूहों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन हेतु प्रकाशित पुस्तक ‘उजाले की ओर बढ़ते कदम’ राज्यपाल को भेंट की। कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल सहित ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *