छत्तीसगढ(रायपुर),सोमवार 22 अप्रैल 2024
बिलासपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू के प्रचार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को मुंगेली जिले के लोरमी में एक जनसभा में कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति चलाई और नरेंद्र मोदी ने विकास की सरकार चलाई। मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हुआ।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में तीन तलाक कानून को हटाया गया। कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति चलाई और नरेन्द्र मोदी ने विकास की सरकार चलाई। कांग्रेस पार्टी सदा राम विरोधी और सनातन विरोधी रही है। कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन केवल दो ही बातों का गठबंधन है- परिवार बचाओ और भ्रष्टाचारियों को बचाओ। मोदी जी कहते हैं कि भ्रष्टाचार हटाओ और ये कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ।
नड्डा ने ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बिलासपुर में नल जल योजना के तहत ढाई लाख कनेक्शन दिया गया है। मोदी ने 12 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं को इज्जत से जीने का रास्ता दिया। 70 साल तक के लोगों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। आवास योजना में तीन करोड़ घर बनेंगे। साथ ही अब घर सूर्य योजना के तहत सौर ऊर्जा से घर में रोशनी होगी।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत 11 स्थान से छलांग लगाकर 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया। भारत जापान को पछाड़ कर तीसरी सबसे बड़ी आटोमोबाइल निर्माता बन गया है। अमृत भारत में 32 नए रेलवे स्टेशन बन रहे हैं। मोदी के नेतृत्व में 4 करोड़ घर बनकर तैयार हुए। मोदी 5 साल में 3 करोड़ और नए घर बनाएंगे, कोई भी कच्चा घर नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ में 24 लाख 75 हजार किसानों को 13 हजार 320 करोड़ देने का काम हमारी प्रदेश सरकार ने किया। प्रदेश सरकार में 70 लाख 24 हजार बहनों को प्रदेश में महतारी वंदन योजना में दो किस्तें मिल चुकी है। लेकिन कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू नहीं होने दिया।