मुख्यमंत्री ने मसूरी रोड व किमाड़ी में आपदाग्रस्त इलाकों का किया निरीक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 18 सितंबर 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मसूरी रोड और किमाड़ी क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें यातायात के लिए सामान्य बनाया जाए और आवश्यकतानुसार लोगों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।

गुरुवार को राज्य आपदा परिचालन केंद्र से प्रदेशभर में अतिवृष्टि से नुकसान की जानकारी और राहत व बचाव कार्यों की समीक्षाकरने के बाद मुख्यमंत्री धामी मसूरी रोड और किमाड़ी क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को शीघ्र सामान्य करने के लिए सभी संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता एवं मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरंतर हो रही वर्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में आवागमन अवरुद्ध हुआ है,, वहां प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक मार्ग एवं राहत शिविर स्थापित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है और प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह और जिला प्रशासन के अधिकारी भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *