मुख्यमंत्री ने चंपावत में निकाली जीएसटी जागरूकता रैली, व्यापारियों से की आत्मीय बातचीत

उत्तराखंड(चंपावत),बुधवार 15 अक्टूबर 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चंपावत में जीएसटी जागरूकता रैली का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद कर केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी स्लैब सुधारों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जनता से इन सुधारों पर फीडबैक भी प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत के मुख्य बाजार में तिवारी स्वीट्स, चौधरी वस्त्र भंडार और बस स्टेशन स्थित जनरल स्टोर जैसे स्थानीय प्रतिष्ठानों का दौरा किया। उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात कर घटी हुई जीएसटी दरों की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुँचाने का आग्रह किया, ताकि इसका सीधा लाभ आम जनता को मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर जीएसटी दरों में कमी कर आमजन को राहत प्रदान की है। उन्होंने इसे ‘नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताया, जिससे उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा और व्यापारिक प्रक्रियाएं भी सरल होंगी।

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देना आत्मनिर्भर भारत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आर्थिक मजबूती का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री ने दुकानदारों से स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री को प्रोत्साहित करने और उपभोक्ताओं को भी इनके उपयोग के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के प्रति विश्वास और अपनापन ही भारत की वास्तविक शक्ति है।

रैली में प्रशासनिक अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएँ, व्यापारीगण और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इस दौरान बाजार ‘स्वदेशी अपनाओ, देश बनाओ’ जैसे नारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *