महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता क्रिकेटर स्नेह राणा ने राज्यपाल से की भेंट

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 13 नवंबर 2025

महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य और उत्तराखंड की बेटी क्रिकेटर स्नेह राणा ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है।

इस मौके पर राज्यपाल ने स्नेह राणा को स्मृति चिन्ह भेंट किया और शॉल ओड़ाकर सम्मानित किया और आगामी प्रतियोगिताओं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्नेह राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन,समर्पण और कठिन परिश्रम से देश और प्रदेश दोनों का नाम रोशन किया है। राज्यपाल ने कहा कि स्नेह राणा जैसी खिलाड़ी उत्तराखण्ड की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और उत्साह प्रदान करेगी। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों में असाधारण क्षमता और प्रतिभा है। स्नेह राणा इसका जीवंत उदाहरण हैं, उन्होंने जो ठान लिया, उसे पूरा कर दिखाया। इस अवसर पर क्रिकेटर स्नेह राणा की माताजी विमला राणा भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *