मुख्य सचिव ने दिए पीएमश्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब व पुस्तकालयों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 25 नवंबर 2025

उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने पीएमश्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब एवं पुस्तकालयों के स्थापना में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कम्यूटर लैब अगले एक माह में स्थापित हाे जाएं। उन्हाेंने कहा कि स्कूलों में पुस्तकालयों के लिए शीघ्र बजट आवंटित किया जाए।

मुख्य सचिव सोमवार को सचिवालय में पीएमश्री स्कूलों की समीक्षा बैठक का संबाेधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियाे काे निर्देश दिया कि 32 पीएमश्री स्कूलों में एकीकृत विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना में भी तेजी लायी जाए। इसके अलावा जिनकाे बजट जारी किया जाना है, उन्हे एक माह के भीतर बजट जारी किया जाए। उन्होंने टिंकरिंग लैब शीघ्र उपलब्ध कराए जाने के लिए आईआईटी कानपुर से लगातार संवाद कर निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य को पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पीएमश्री स्कूलों में खेल के मैदान उपलब्ध कराए जाने पर भी शीघ्रातिशीघ्र कार्यवाही करने को कहा।

बैठक के दौरान बताया गया कि प्रदेश में कुल 226 विद्यालयों को पीएमश्री विद्यालयों के रूप में चुना गया है। इसमें 34 प्राथमिक एवं 192 माध्यमिक विद्यालया शामिल हैं। इसके साथ ही 15 और अन्य विद्यालयों को स्वीकृति मिली है। बताया गया कि पीएमश्री के 22 कम्पोनेंट्स में से 16 को 100 प्रतिशत लागू कर लिया गया है। बाकि 6 कम्पोनेंट्स का कार्य विभिन्न चरणों में गतिमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *