411 नई शिकायतों में से 261 का तत्काल समाधान

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 17 फरवरी 2026 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत सोमवार को 411 नई शिकायतों में से 261 का तत्काल समाधान किया गया। अब तक प्रदेशभर में कुल 638 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 4,97,107 नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज कराईं। अभियान के तहत कुल 48,562 शिकायत पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 32,583 का निस्तारण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन को जनोन्मुखी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सीधे पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में हरिद्वार, देहरादून, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा सहित सभी जिलों में नागरिकों की भागीदारी रही। मुख्यमंत्री ने इसे जनता और सरकार के बीच विश्वास का सशक्त सेतु बताते हुए उत्तराखंड में सुशासन और विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।

अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से भी बड़ी संख्या में नागरिकों को लाभान्वित किया गया है। अभियान के तहत विभिन्न प्रमाण पत्र और आवेदन प्रक्रियाओं में अब तक 69,746 प्रकरणों में कार्रवाई हुई है, जबकि सोमवार को 353 प्रकरण निस्तारित किए गए। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अब तक 2,76,646 नागरिकों को लाभ मिला, जिसमें सोमवार को 2,542 लाभार्थी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *