पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए टैंपो ट्रैवलर सेवा शुरू, AC बस से अब सफर सिर्फ 12 घंटे में होगा पूरा

उत्तराखंड(पिथौरागढ़),गुरुवार 19 फरवरी 2026

पिथौरागढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री अब परिवहन निगम की बड़ी बसों के बजाय टैंपो ट्रैवलर सेवा का लाभ उठाकर यात्रा कर सकेंगे। पिथौरागढ़ डिपो ने इस सेवा का शुभारंभ किया है, जिससे सफर अब लगभग 12 घंटे में पूरा होगा और किराया भी टैक्सी की तुलना में किफायती रहेगा। रोडवेज की इन मिनी बसों में एसी की सुविधा है। जिससे सफर काफी हद तक आरामदायक होगा।

परिवहन निगम के अनुसार, टैंपो ट्रैवलर मिनी बस में 17 यात्री सफर करेंगे। बड़ी बसों में 15 से 17 घंटे का थकावट भरा सफर अब 12 घंटे में पूरा होगा। यह टैंपो ट्रैवलर सुबह 6 पिथौरागढ़ से रवाना होकर शाम 6 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके लिए किराया 1355 रुपये तय किया गया है, जो टैक्सी की कीमत से आधे या उससे भी कम है। हालांकि यह किराया रोडवेज की नार्मल बसों से अधिक है, लेकिन समय और सुविधाओं को देखा जाए तो यह मिनी बस सेवा यात्रियों के लिए काफी किफायती है। आपको बता दें कि उत्तराखंड परिवहन निगम की नार्मल बसों में पिथौरागढ़ से दिल्ली का किराया 905 रुपए है।

यात्रियों को सीट बुक करने के लिए परिवहन निगम की वेबसाइट का उपयोग करना होगा। पहले दिन केवल एक मिनी बस का संचालन किया गया, यात्रियों की संख्या बढ़ने एवं आवश्यकता पड़ने पर डिपो को मिली 3 अन्य बसें भी जल्द संचालित की जाएगी। निगम का कहना है कि कम यात्री क्षमता होने की वजह से बसें समय पर रवाना और समय पर लौटेंगी, जिससे सफर अधिक सुविधाजनक और सुगम होगा।
एआरएम पिथौरागढ़ रविशेखर कापड़ी ने कहा है कि यह पहल लंबी दूरी की आवाजाही में सुधार और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए की गई है। उन्होंने बताया कि डिपो को 4 न‌ई मिनी बस (टैंपो ट्रैवलर) मिली हैं। ट्रायल के रूप में दिल्ली पिथौरागढ़ रूट पर शुरू की गई। इस सेवा का परिणाम सकारात्मक रहने पर अन्य मार्गों पर भी टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध सेवा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *