युवा कलमकार प्रतियोगिता में जय प्रकाश पांडेय प्रथम

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 01 अप्रैल 2026

उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से आयोजित ‘युवा कलमकार प्रतियोगिता–2025’ में पिथौरागढ़ निवासी युवा साहित्यकार जय प्रकाश पांडेय ने कविता विधा (आयु वर्ग 26–35) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर पिथौरागढ़ सहित प्रदेशभर में हर्ष व्यक्त किया गया है।

मंगलवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मंत्री खजान दास, प्रख्यात लेखक डॉ. जितेन ठाकुर और सचिव भाषा उमेश नारायण पांडेय की उपस्थिति में जय प्रकाश पांडेय को सम्मानित किया गया।

संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कहानी,कविता एवं यात्रा-वृत्तांत सहित विभिन्न विधाओं में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। बहुस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के उपरांत जय प्रकाश पांडेय की कविता ‘धराली–पहाड़ का आख़िरी खत’ को सर्वश्रेष्ठ कृति के रूप में चयनित किया गया।

जय प्रकाश पांडेय इससे पूर्व अपने कहानी संग्रह ‘भूले बिसरे मतवाले’ के माध्यम से भी पहचान बना चुके हैं, जिसका विमोचन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया था। उनके लेखन में सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विषय प्रमुख रूप से परिलक्षित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *