उत्तराखंड में बागवानी विकास को मिलेगी नई गति, क्लस्टर एप्रोच और कोल्ड स्टोरेज पर फोकस

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 26 मई 2026

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में जाईका वित्तपोषित उत्तराखण्ड एकीकृत बागवानी विकास परियोजना से संबंधित उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रदेश के लिए समग्र बागवानी योजना तैयार करने और क्लस्टर एप्रोच व कोल्ड स्टोरेज पर फोकस के करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में उन्नत बागवानी की अपार संभावनाएं हैं, इसलिए योजनाओं को दीर्घकालिक दृष्टि से तैयार किया जाए। उन्होंने प्रदेश में कुल बागवानी क्षेत्र बढ़ाने के लिए किसानों को हैंड होल्डिंग, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में किसानों को ग्राफ्टिंग तकनीक का अधिक प्रशिक्षण देने की आवश्यकता बताई गई, ताकि उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके। मुख्य सचिव ने उत्पादन वृद्धि के लिए क्लस्टर एप्रोच अपनाने और सप्लाई चेन व कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बागवानी उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्नत किस्मों और क्षेत्र विस्तार पर विशेष फोकस किया जाए। साथ ही योजनाओं में डुप्लीकेसी न हो और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि परियोजना पूर्ण होने के बाद भी किसानों को सहायता उपलब्ध कराने में उद्यान विभाग की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सचिव एसएन. पाण्डेय एवं डीजी उद्यान वंदना सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *