शिक्षा मंत्री ने ‘बीज बम’ अभियान का किया शुभारंभ, हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 11 जुलाई 2026

विद्यालयी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से ‘बीज बम’ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पर्यावरण संरक्षण, फलदार वृक्षों के संवर्धन और वन्यजीव-मानव संघर्ष को कम करने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।

देहरादून में वैल्युएबल एडुटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के 1,050 से अधिक विद्यालयों में किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि ‘बीज बम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय फलदार प्रजातियों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण तथा वन्यजीव-मानव संघर्ष को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज को इस अभियान से जोड़ने तथा प्रत्येक छात्र से कम से कम दो बीज बम तैयार कर उपयुक्त स्थानों पर रोपित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना है। विद्यार्थियों को कृषि, प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों, विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘बीज बम’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें स्थानीय फलदार प्रजातियों के बीजों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से जलवायु परिवर्तन और वन संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा वन विभाग के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में शिक्षा विभाग विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित करेगा, जिससे विद्यार्थियों को उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराओं, पर्यावरण और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सेमल्टी, बेसिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के सेवामुक्त प्रो. डॉ. पुरोहित, द्वारिका प्रसाद सेमवाल, अरविंद उदय गौड़, हितेश नौटियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *