उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 13 अगस्त 2026

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को जरूरी सावधानियां बरतने और तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। 14 से 17 अगस्त के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ मौसम और परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

14 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका है।

वहीं चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

15 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज के दौरान आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है। प्रदेश के बाकी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक यात्रा से बचें और बाहर निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लेते रहें। उन्होंने भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।

भूस्खलन और अचानक बाढ़ की स्थिति में बरतें सावधानी

भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की अपील की गई है।

उफनती नदियों और नालों से दूर रहने की अपील

भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने या नौका विहार करने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से प्रतिकूल मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं। ऐसे में आम लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *