तमक नाले में लापता BRO हवलदार पंकज की तलाश जारी, CM धामी ने दिए अभियान तेज करने के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 16 अगस्त 2026

चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। हवलदार के परिजनों की सोशल मीडिया पर सरकार से मदद की गुहार का मुख्यमंत्री ने स्वतः संज्ञान लिया।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर रखने तथा अभियान में हरसंभव तेजी लाने के निर्देश दिए। हवलदार पंकज की तलाश में सेना, बीआरओ, आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हैं।

पिथौरागढ़ निवासी हवलदार पंकज के परिजनों से जिलाधिकारी ने संवाद कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार से लगातार संपर्क बनाए हुए है और अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने परिजनों से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *