सेवानिवृत्ति के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 25 अगस्त 2026

अर्थ एवं संख्या निदेशालय, उत्तराखण्ड के निदेशक एवं अपर निदेशक के आगामी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के अवसर पर मा० उपाध्यक्ष, 20-सूत्री कार्यक्रम ज्योति प्रसाद गैरोला के निर्देशानुसार मंगलवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आनन्द वन, झाझरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मा० उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला एवं निदेशक, अर्थ एवं संख्या सुशील कुमार ने पौधारोपण किया। प्रभागीय वनाधिकारी, देहरादून के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक डी.सी. बडोनी, टी.एस. अन्ना, गीतांजली शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, देहरादून एस.के. गिरि सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फलदार पौधे रोपे। इस दौरान अमरूद, आंवला, जामुन, मौसमी आदि प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर मा० उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि मा० प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनसामान्य में वृक्षों एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मां के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी सेवानिवृत्ति के अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करना चाहिए, ताकि यह अवसर पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के रूप में भी यादगार बने।

उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, हरियाली और स्वस्थ जीवन का आधार बनेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अर्थ एवं संख्या निदेशालय, 20-सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन निदेशालय तथा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, देहरादून के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *