वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल को मिलेगी नई पहचान, निर्यात संवर्धन के लिए बनेगी स्थायी समिति

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 26 अगस्त 2026

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल और उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने को लेकर बैठक की। उन्होंने प्रत्येक जिले को अपने विशिष्ट पर्व,मेले, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही निर्यात संवर्धन के लिए एक स्थायी समिति का गठन करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जनपद अपने किसी एक विशिष्ट पर्व अथवा मेले को वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल के रूप में विकसित करे। इसके लिए वार्षिक इवेंट कैलेंडर तैयार करने के साथ स्थानीय स्टेकहोल्डर्स और प्रवासी उत्तराखंडियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेलों और उत्सवों को संस्थागत स्वरूप देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उनकी स्थायी पहचान और ब्रांड वैल्यू विकसित होगी।

उन्होंने चमोली के रम्माण फेस्टिवल और उत्तरकाशी के बटर फेस्टिवल को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही पौड़ी और चमोली के शरदोत्सव, हरिद्वार महोत्सव, नैनीताल एवं मसूरी विंटर कार्निवल को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। चम्पावत के इंटरनेशनल एंगलिंग मीट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और उत्तरायणी मेले में एडवेंचर गतिविधियां बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में जनपदवार निर्यात की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले का बेसलाइन डेटा तैयार कर उसके आधार पर निर्यात संवर्धन की कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में निर्यात संवर्धन के लिए स्थायी समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति में सचिव उद्योग, वन, आयुष सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करने और प्रत्येक जिले के उत्पाद की विशिष्ट पहचान (यूएसपी) विकसित करने पर जोर दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, श्रीधर बाबू अद्दांकी, युगल किशोर पंत, डॉ. अहमद इकबाल, राजेंद्र कुमार, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *