सिल्क एक्सपो में रेशमी परिधानों ने खींचा लोगों का ध्यान, सवा करोड़ से अधिक की हुई बिक्री

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 07 सितंबर 2026

उत्तराखंड रेशम फेडरेशन की ओर से आयोजित सात दिवसीय ‘रिवायत-ए-रेशम’ सिल्क एक्सपो में रेशमी परिधानों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। एक्सपो के दौरान सवा करोड़ रुपये से अधिक के रेशम उत्पादों की बिक्री हुई।

समापन अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड रेशम फेडरेशन वर्तमान में दो करोड़ रुपये से अधिक का वार्षिक कारोबार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिल्क एक्सपो जैसे आयोजनों से विभिन्न राज्यों में रेशम उत्पादन और बुनाई की तकनीकों का आदान-प्रदान होता है तथा बुनकरों को व्यापक बाजार उपलब्ध होता है।

डॉ. रावत ने कहा कि रेशम क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन रेशम उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही बुनकरों और उत्पादकों को प्रोत्साहित करने में सहायक हैं।

समापन अवसर पर बीएस नेगी महिला पॉलिटेक्निक की फैशन डिजाइनिंग की छात्राओं ने रेशमी परिधानों में रैंप वॉक कर पारंपरिक रेशम की विरासत और आधुनिक फैशन का संगम प्रस्तुत किया। छात्राओं ने उत्तराखंड रेशम फेडरेशन की साड़ियों, मफलर और शॉल सहित विभिन्न रेशमी परिधानों को पहनकर रैंप वॉक किया।

एक्सपो में देश के 14 राज्यों के रेशम बुनकरों और उत्पादकों ने अपने स्टॉल लगाए। डॉ. रावत ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर बुनकरों और उत्पादकों से उनके उत्पादों, उत्पादन प्रक्रिया तथा विपणन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने खरीदारी करने पहुंचे लोगों से उत्पादों की गुणवत्ता, कीमत, डिजाइन और उपलब्धता को लेकर फीडबैक भी लिया।

फेडरेशन के अनुसार, सात दिवसीय आयोजन में सवा करोड़ रुपये से अधिक के रेशम उत्पादों की बिक्री हुई। इससे विभिन्न राज्यों से आए बुनकरों और रेशम उत्पादकों को देहरादून में बाजार उपलब्ध हुआ।

बीएस नेगी महिला पॉलिटेक्निक की प्राचार्य डॉ. नमिता अंबानी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से फैशन डिजाइनिंग के विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा पारंपरिक वस्त्रों को आधुनिक फैशन से जोड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में रेशम फेडरेशन के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला, निदेशक रेशम प्रदीप कुमार सहित रेशम विभाग और फेडरेशन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *