एडीजीपी ने परखी मतगणना की तैयारियां, सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 03 जून 2024

अपर पुलिस महानिदेशक अमित सिन्हा ने सोमवार को लोकसभा चुनाव की चार जून को होने वाली मतगणना की तैयारियां परखी। परिक्षेत्रीय एवं जनपद प्रभारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जनपदवार समीक्षा बैठक कर सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने विशेष सतर्कता बरतने के साथ मतगणना सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को निष्पक्ष रूप से ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए ब्रीफ किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश व निकास द्वार पर चेकिंग अवश्य की जाए। केवल पासधारकों को ही प्रवेश दिया जाए। सुनियोजित यातायात प्लान का प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। मतगणना समाप्ति के बाद विजय जुलूस का रूट निर्धारित कर उचित पुलिस बल नियुक्त किया जाए।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था पी. रेणुका देवी, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था कमलेश उपाध्याय आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *