मुख्यमंत्री धामी ने की पत्रकारों की मान्यता और पेंशन राशि बढ़ाने की घोषणा – Shivam Mail

मुख्यमंत्री धामी ने की पत्रकारों की मान्यता और पेंशन राशि बढ़ाने की घोषणा

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 05 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

वह उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र को सशक्त बनाने और आम जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पत्रकारिता समाज और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। पत्रकार जहां सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाते हैं, वहीं जनसमस्याओं और अपेक्षाओं से सरकार को अवगत कराते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं। वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार के साथ फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती बनकर सामने आई हैं। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनकी सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पत्रकार पेंशन में पहले भी वृद्धि कर चुकी है। इसके अलावा पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के प्रयासों में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारों का सहयोग आगे भी मिलता रहेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *