उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भोपाल पहुंचे, शिवराज सिंह चौहान की मां को अर्पित की श्रद्धांजलि – Shivam Mail

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भोपाल पहुंचे, शिवराज सिंह चौहान की मां को अर्पित की श्रद्धांजलि

मध्य प्रदेश(भोपाल),बुधवार 11 नवंबर 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को मध्य प्रदेश के प्रवास पर भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर जाकर उनकी दिवंगत मां काशीबाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और दिए गए संस्कार जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

भोपाल पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी ने सोनिया गांधी की किताब और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को लेकर पूछे गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। सोनिया गांधी की किताब में भोपाल गैस त्रासदी के उल्लेख के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पुस्तक में कई घटनाओं का जिक्र है, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं का उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी उन्होंने किताब पढ़ी नहीं है और इसके बारे में केवल सुना है। वे इसे जरूर पढ़ेंगे और समझने के बाद अपनी बात रखेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विजन ऑफ इंडिया’ पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में लंबे समय से तुष्टीकरण हावी रहा है। पार्टी ने करीब छह दशक तक सत्ता में रहते हुए वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी।

धामी ने कहा कि पिछली सरकारों ने देश की सुरक्षा और सैनिकों का मनोबल मजबूत करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। चार दशक से लंबित वन रैंक, वन पेंशन की मांग को प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि सैनिक परिवार से होने के कारण वे पूर्व सैनिकों की समस्याओं और उनकी भावनाओं को समझते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। अंतरिक्ष विज्ञान से लेकर अर्थव्यवस्था तक भारत ने अपनी स्थिति मजबूत की है। कोरोना महामारी के दौरान भारतीय वैज्ञानिकों की ओर से स्वदेशी वैक्सीन तैयार करना भी देश की क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जनता विकास कार्यों को देखकर सरकारों को समर्थन देती है, जबकि विपक्ष राजनीतिक कारणों से लगातार विरोध करता रहता है।

धामी ने इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की 103वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने पटवा को मध्य प्रदेश और भाजपा का महत्वपूर्ण नेता बताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

गुरुवार को भोपाल में जुटेंगे वरिष्ठ नेता

गौरतलब है कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का कुछ दिन पहले भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनकी तेरहवीं और गंगाजलि पूजन का कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित होगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और अन्य राज्यों के नेताओं के भी भोपाल पहुंचने का कार्यक्रम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *