उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 18 नवंबर 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार काे मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने भैलो खेलकर लोक परंपरा का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, आस्था, सामाजिक एकता और पूर्वजों की परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकपर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का माध्यम भी हैं।
धामी ने कहा कि आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच लोकसंस्कृति को सहेजना सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे पारंपरिक पर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने परिवारों और गांवों में बच्चों तथा युवाओं की लोकपर्वों और सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों की भी लोकसंस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका है। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रदेशवासी पारंपरिक त्योहारों के आयोजन के जरिए अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपनी बोली-भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक त्योहारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोककलाओं, लोकभाषाओं, पारंपरिक मेलों और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रयासरत है। लोकसंस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान, सामूहिकता, परिश्रम और सद्भाव जैसे मूल्य समाहित हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति हेमंत द्विवेदी,विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।