भारत-नेपाल के रोटी-बेटी के रिश्तों को नई मजबूती देगा छारछुम पुल, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री धामी – Shivam Mail

भारत-नेपाल के रोटी-बेटी के रिश्तों को नई मजबूती देगा छारछुम पुल, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 23 नवंबर 2026

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला स्थित छारछुम में काली नदी पर निर्मित भारत-नेपाल मैत्री मोटर पुल का सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से बने 110 मीटर लंबे इस पुल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों देशों के ऐतिहासिक मैत्री संबंधों को नई मजबूती देने और सीमांत क्षेत्रों के विकास को गति प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने पुल के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह महज आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों, सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास का प्रतीक है। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने के साथ व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संबंधों को भी बढ़ावा मिलेगा।

धामी ने कहा कि उन्होंने 19 सितंबर 2022 को छारछुम में काली नदी पर 110 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का शिलान्यास किया था। अब इसके लोकार्पण से सीमांत क्षेत्र के लोगों का वर्षों का इंतजार पूरा हुआ है। पुल से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापारियों, उद्यमियों और स्थानीय निवासियों को भी विशेष लाभ होगा। स्थानीय उत्पादों के विपणन, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन के विस्तार से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में सड़क, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने परियोजना के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मजबूत सीमांत क्षेत्र ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।

छारछुम पुल के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीमांत क्षेत्र के लोगों ने पारंपरिक नृत्य और गायन के साथ खुशी मनाई। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा और नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी।

नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि पहले क्षेत्र के लोग झूला पुलों के माध्यम से आवाजाही करते थे। अब मोटर पुल से वाहनों का आवागमन संभव होने से लोगों का समय बचेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड क्षेत्र में भारत और नेपाल के बीच निर्मित दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे पहले बनबसा में दोनों देशों के बीच मोटर पुल से आवागमन संचालित होता है। छारछुम पुल के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र में संपर्क सुविधा मजबूत होने के साथ स्थानीय व्यापार, आर्थिक गतिविधियों और दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी मेलजोल को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *