गेटमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों से निकली चिंगारी; 35 मिनट रुकी ट्रेन – Shivam Mail

गेटमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों से निकली चिंगारी; 35 मिनट रुकी ट्रेन

मध्य प्रदेश(ग्वालियर/डबरा),बुधवार 25 नवम्बर 2026

विशाखापट्टनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों से बुधवार सुबह अचानक चिंगारी निकलने लगी। गेटमैन की सतर्कता से समय रहते ट्रेन रुकवाई गई और रेलवे कर्मचारियों ने फायर इक्विपमेंट की मदद से स्थिति संभाली। जांच में ब्रेक ब्लॉक होने से पहियों में घर्षण के कारण चिंगारी निकलने की बात सामने आई। मरम्मत और जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। इस दौरान वह करीब 35 मिनट तक अनंतपेठ स्टेशन पर खड़ी रही।

अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन नंबर 12804 बुधवार सुबह 5:15 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना हुई थी। ग्वालियर स्टेशन पार करने के बाद जब ट्रेन अनंतपेठ की ओर बढ़ रही थी, तभी उसके पीछे से तीसरे जनरल कोच के पहियों से चिंगारी निकलने लगी। रेलवे फाटक संख्या 400 पर तैनात गेटमैन ने पहियों से चिंगारी निकलते देख तत्काल अनंतपेठ स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी दी। स्टेशन मास्टर ने ट्रेन के गार्ड को सूचना दी। इसके बाद गार्ड ने लोको पायलट से ट्रेन रोकने के लिए कहा। ट्रेन को अनंतपेठ स्टेशन पर रोककर जांच की गई।

ट्रेन रुकते ही कोच से धुआं उठता देख यात्री नीचे उतरकर स्टेशन पर आ गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध फायर इक्विपमेंट की मदद से आग पर काबू पाया। जांच के दौरान सामने आया कि जनरल कोच के ब्रेक में घर्षण के कारण पहियों से चिंगारी निकली थी। रेलवे कर्मचारियों ने ब्रेक की जांच कर उसे ठीक किया। इसके बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।

ट्रेन सुबह 10:29 बजे अनंतपेठ स्टेशन पहुंची और 11:04 बजे वहां से रवाना हुई। इस तरह ट्रेन करीब 35 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही। यात्रियों का कहना था कि गेटमैन ने समय रहते पहियों से निकलती चिंगारी देख ली और अधिकारियों को सूचना दे दी। इससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि ब्रेक ब्लॉक होने के कारण पहियों से चिंगारी निकली थी। अनंतपेठ स्टेशन पर ट्रेन रोककर ब्रेक रिलीज कर दिया गया। ट्रेन में कोई दूसरी खराबी नहीं थी। जांच पूरी होने के बाद उसे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *