उत्तराखंड चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस – Shivam Mail

उत्तराखंड चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 29 नवंबर 2026

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी शनिवार को समिति के सदस्यों अनिल चौधरी और पाल भाई आंबलिया के साथ देहरादून पहुंचीं। उनके आगमन के साथ ही प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें हुईं।

पहली बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी शामिल हुए।

इसके बाद केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के राजनीतिक समीकरणों और संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी पर विचार-विमर्श किया गया। दावेदारों की संगठनात्मक सक्रियता, क्षेत्र में जनाधार और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को प्रत्याशी चयन का महत्वपूर्ण आधार बनाने पर चर्चा हुई।

बैठक में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, विधायक ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी और रवि बहादुर, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित और एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *