युवाओं को कराया पर्यटन एवं आतिथ्य-सत्कार उद्योग की अनंत संभावनाओं व आवश्यकताओं से परिचित – Shivam Mail

युवाओं को कराया पर्यटन एवं आतिथ्य-सत्कार उद्योग की अनंत संभावनाओं व आवश्यकताओं से परिचित

उत्तराखंड(नैनीताल),बुधवार 13 मार्च 2024

कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सभागार में बुधवार को ‘कैंपस टू करियर-एक्सप्लोरिंग लेटेस्ट स्किल ट्रेंड्स’ विषय पर इंडस्ट्री एकेडेमिया मीट का आयोजन किया। इस संगोष्ठी में टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के विद्यार्थियों को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुसार सक्षम उद्यमी व पेशेवर बनाने और सीखते हुए कमाने की अवधारणा के विकास के मकसद के साथ पाठ्यक्रम में संशोधन करने हेतु पर्यटन एवं सत्कार उद्योग के विशेषज्ञों ने उपयोगी जानकारी दी गयी।

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.दीवान रावत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में व्यवसाय जगत की गतिशील मांगों को पूरा करने की क्षमता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इनक्रेडिबल इंडिया यानी अतुल्य भारत अभियान ने देश में पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार उद्योग को नई दिशा दी है, जिससे भारतीय संस्कृति को जानने, समझने व देखने के प्रति विदेशी सैलानियों का लगाव दिन-प्रतिदिन बड़ी तीव्र गति से बढ़ता जा रहा है। युवा इस संगोष्ठी का लाभ उठाकर इस क्षेत्र में उपलब्ध अनंत अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।

गोष्ठी का संचालन करते हुए कुमाऊँ विश्वविद्यालय के बायोमेडिकल साइंस के संकायाध्यक्ष डॉ.महेंद्र राणा ने शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के संयोजक डॉ.केके पाण्डे ने कहा कि सत्कार उद्योग में युवाओं के लिये अच्छे अवसर हैं। इस पाठ्यक्रम के बाद नौकरी और स्वरोजगार, दोनों मोर्चों पर सफलता के नए सोपान गढ़े जा सकते हैं।

संगोष्ठी में नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सचिव वेद साह ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट इंडस्ट्री यानी सत्कार प्रबंधन एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें होटल की सेवाओं के साथ व्यवसाय को सही एवं सुचारू रूप से चलाना होता हैं। इस क्षेत्र के लिए युवाओं में वाकशैली एवं प्रबंधन की योग्यता के साथ अपनी टीम को साथ लेकर चलने, कई भाषाओं को जानने एवं प्रभावित करने वाला व्यक्तित्व होना जरूरी है।

इस अवसर पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय की वित्त नियंत्रक अनीता आर्या, प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष प्रो.अमित जोशी, शेरवानी हिलटॉप के महाप्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा, विक्रम विंटेज इन के महाप्रबंधक अनिल कपूर, नैनीताल होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के रुचिर साह, कृष्णा होटल के महाप्रबंधक सीपी भट्ट, राहुल पांडे, डॉ.सुब्रतो चट्टोपाध्याय, तरुणा भसीन व तृप्ति नेगी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *