मुख्यमंत्री योगी ने अपनी माँ व रुद्र प्रयाग हादसे के घायलों का हाल जाना

उत्तराखंड(ऋषिकेश),सोमवार 17 जून 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपनी माँ से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इसके पूर्व सीएम योगी ने उत्तराखंड के एम्स, ऋषिकेश में रूद्रप्रयाग हादसे के घायलों से भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माँ को कुछ दिन पहले आंखों में परेशानी हुई थी, इसके बाद उन्हें जांच के लिए ऋषिकेश एम्स लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती किया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मुलाकात करने के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर केवल एक शब्द ‘माँ’ लिखा। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड हादसे में घायल हुए यूपी के लोगों का भी हाल जाना। उनका भी इलाज ऋषिकेश एम्स में चल रहा है।

सीएम योगी ने अपनी एक दूसरी पोस्ट में लिखा है कि उत्तराखंड के एम्स, ऋषिकेश में रूद्रप्रयाग हादसे के घायलों से आज भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना। कुशल चिकित्सकों की देख-रेख में सभी घायलों का समुचित उपचार हो रहा है। प्रभु श्री राम से सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में 14 लोगों के मारे जाने और 12 लोगों के घायल होने की खबर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत आयुक्त कार्यालय को रुद्रप्रयाग प्रशासन से संपर्क कर घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक सुरक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए थे। इस हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *