स्मार्ट शाला से आच्छादित होंगे उत्तराखंड के 37 सौ राजकीय विद्यालय

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 14 मार्च 2024

प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा में लर्निंग के परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने के दृष्टिगत राज्य सरकार लगातार सुधारात्मक कार्यों में जुटी है। राज्य के 3700 राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्टशाला स्थापित की जाएगी, जिससे इन विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल में परिवर्तित किया जाएगा।

गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) सम्पर्क फाउण्डेशन की पहल पर इन चयनित विद्यालयों में स्मार्ट टीवी, सम्पर्क टीवी उपकरण एवं अन्य विभिन्न शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएंगी। इस योजना का शुभारम्भ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत शीघ्र करेंगे।

प्रदेश के राजकीय विद्यालयों का कायाकल्प की कड़ी में शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी गैर सरकारी संगठन सम्पर्क फाउंडेशन की पहल पर प्रदेश के 3700 राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ‘सम्पर्क स्मार्क शॉल’ स्थापित कर इन्हें स्मार्ट स्कूल में परिवर्तित किया जायेगा।

इन सभी चयनित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सम्पर्क फाउण्डेशन अपने ‘स्मार्ट शाला’ कार्यक्रम के तहत स्मार्ट टीवी, सम्पर्क टीवी उपकरण एवं अन्य विभिन्न शिक्षण सामग्री उपलब्ध करायेगा ताकि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को तकनीकी आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा इन विद्यालयों में बच्चों के लिए सीखने व सिखाने की प्रक्रिया को सरल व मनोरंजक बनाने, विद्यालय में स्थापित ‘सम्पर्क स्मार्क शॉल’ के सभी संसाधन उपलब्ध करने, स्मार्ट टीवी की स्थापना करने, साप्ताहिक आधार पर प्रोग्राम संचालन से संबंधित डाटा अपलोड करने सहित अन्य गतिविधियों के संचालन के लिये विद्यालय के शिक्षकों से ‘सम्पर्क दीदी’ चैटबॉट से समन्वय स्थापित किया जायेगा। समस्यओं को शिक्षकों से संवाद स्थापित कर शीघ्र दूर किया जा सके।

इस योजना के तहत प्रदेशभर से 2700 प्राथमिक एवं 1000 उच्च प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। जिसमें अल्मोड़ा जनपद के 16, बागेश्वर 35, चमोली 20, चम्पावत 78, देहरादून 217, हरिद्वार 171, नैनीताल 96, पौड़ी 37, पिथौरागढ़ 12, रूद्रप्रयाग 48, टिहरी गढ़वाल 13, ऊधमसिंह नगर 190 तथा उत्तरकाशी जनपद के 67 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालयों में अल्मोड़ा के 84, बागेश्वर 66, चमोली 76, चम्पावत 196, देहरादून 635, हरिद्वार 613, नैनीताल 123, पौड़ी 134, पिथौरागढ़ 40, रूद्रप्रयाग 73, टिहरी 44, ऊधमसिंह नगर 492 तथा उत्तरकाशी में 124 विद्यालयों का चयन किया गया है।

विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल में परिवर्तित करने से बच्चों को लाभ मिलेगा : धन सिंह

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि दृढ़ संकल्प, संसाधन, तकनीकी व नवाचार के समन्वय के माध्यम से राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का कायाकल्प करने में जुटी है। प्राथमिक स्तर पर बच्चों को तकनीकी आधारित खेल-खेल में शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें रचनात्मकता से जोड़ने के लिये सम्पर्क फाउण्डेशन आगे आया है। फाउंडेशन की पहल पर राज्य के 3700 राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल में परिवर्तित करने से बच्चों को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *