राज्य में बारिश को लेकर मौसम विभाग का येलो अलर्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 22 जून 2024

उत्तराखंड में मौसम करवट बदल रहा है। धीरे-धीरे तापमान में कमी आ रही है। उत्तराखंड में मानसून दस्तक दे चुका है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। लंबे इंतजार के बाद बारिश हुई तो भीषण गर्मी और हीटवेव से लोगों को राहत मिली। अब भारी बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने सावधानी व सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने प्री-मानसून की बारिश के साथ ही अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने 22 से 26 जून तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गयी है। गरज-चमक के साथ 30 से 50 किमी की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को मानसून में सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को पूर्वानुमान के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी है। नदियों में जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन होने एवं रास्तों आदि में जलभराव होने की आशंका है। इससे कहीं-कहीं पर रास्ते ब्लॉक हो सकते हैं। इसके अलावा बारिश और बिजली आदि चमकने से कच्चे घरों को भी नुकसान हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *