मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा खेल स्टेडियम के सुदृढ़ीकरण कार्यों का किया लोकार्पण

उत्तराखंड(अल्मोड़ा),मंगलवार 24 जुलाई 2024

खेल मंत्री रेखा आर्य ने हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 4.29 करोड़ रुपये की लागत से हुए स्टेडियम के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकापर्ण किया। मंत्री ने फुटबाल को किक मारकर तथा फीता काटकर स्टेडियम को लोकार्पित किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आज दर्शक दीर्घा, क्रिकेट प्रैक्टिस पिच, अंडर ग्राउंड टैंक, ड्रेनेज के कार्य, बाउंडरीवाल, फेंसिंग, मैदान का समतलीकरण सहित कुल सात कार्यों का सुदृढ़ीकरण किया गया है।

खेल मंत्री ने कहा कि पूर्व में खिलाड़ियों की यह मांग रहती थी कि उन्हें रात में भी अपने खेल प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराया जाए। ऐसे में स्टेडियम में रात्रि में खेल अभ्यास नहीं हो पाने से खिलाड़ियों के खेल पर प्रभाव भी पड़ता था लेकिन अब रात में भी खिलाडियों के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम सुचारू रहेगा। यहां पर हमारे बच्चे और विभिन्न खेलों के खिलाड़ी अपने-अपने खेलों से संबंधित प्रैक्टिस कर सकेंगे।

खेल मंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व में सुदृढ़ीकरण को लेकर घोषणा की गई थी जिसको आज पूरा करने के साथ ही खिलाड़ियों को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों को बेहतर बनाने की ओर राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। खिलाडियों को आगे बढ़ाने के लिए हमने उदीयमान योजना, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना, नौकरी में आउट ऑफ टर्न जॉब, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडियों के लिए सरकारी नौकरी, स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फंड सहित कई अनेको व्यवस्थाएं की हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि इस वर्ष राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है। राज्य के लिए यह बड़ा ही गर्व का विषय है। राष्ट्रीय खेलों को बेहतर और यादगार बनाने के लिए खेल विभाग प्रतिबद्ध है। हमारी कोशिश है कि जिस तरह हम उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से जानते हैं वैसे ही हम इसे खेल भूमि के नाम से जानें। इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विनीत तोमर, जिलाध्यक्ष बीजेपी रमेश बहुगुणा, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *