बाबा केदार की महत्ता को लेकर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 25 जुलाई 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की केदारनाथ बचाओ यात्रा को राजनैतिक करार देते हुए इसे केदारनाथ उपचुनाव में लाथ लेने को कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव में कांग्रेस के लाभ लेने के मंसूबों को जनता सफल नहीं होने देगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की इस यात्रा को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस का बाबा केदार की महत्ता को लेकर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है जबकि सनातन के विषय पर बोलने का उन्हें कोई नैतिक अधिकार भी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकारों में केदार समेत चारों धामों एवं प्रदेश के पावन स्थलों के विकास को लेकर कभी भी कोई काम नहीं किया। जो आज श्री केदार धाम के सम्मान एवं महत्व की रक्षा की बात करते हैं, उनकी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और तत्कालीन मंदिर समिति अध्यक्ष गोदियाल को बाबा केदार के गर्भ गृह में जूतों के साथ प्रवेश करने का पाप करते सबने देखा है। समिति के बजट को उन्होंने अपनी विधानसभा के वोटरों को साधने लिए खर्च किया। वहीं जब आपदा के बाद समूची केदार घाटी में दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था तो पूर्व सीएम हरीश रावत वहां कैलाश खेर से एल्बम बनाने एवं संगीत उत्सव मनाने में पैसे लुटा रहे थे। उनकी शह पर हिटो केदार के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाले अब केदार बचाने निकले हैं। पहले उन्हें अपने केदारनाथ के पूर्व विधायक को हिटो केदार यात्रा के लिए दिए 25 लाख का हिसाब देना चाहिए।

उन्होंने यात्रा को अराजनैतिक बताने के कांग्रेस के बयान पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि किसी राजनैतिक पार्टी की यात्रा या अभियान, अराजनैतिक कैसे हो सकती है। कांग्रेस को यह गलतफहमी कैसे हो गई कि वो दुनिया को बचाने वाले भगवान भोलेनाथ को बचाने का दावा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये सनातन के नाश की बात भी करते हैं और उसके ग्रंथों एवं पावन स्थलों पर सवाल भी खड़ा करते हैं। उत्तराखंड कांग्रेस के नेता केदार धाम के सम्मान की आड़ में यात्रा निकलने का ढोंग कर रहे है। उनकी उत्तराखंड में निकाली गई पिछली सभी यात्राओं की तरह यह यात्रा भी पूरी तरह फ्लॉप होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *