निकाय पर राजनीतिक लाभ के लिए विपक्ष भ्रम न फैलाए : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 27 अगस्त 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी पार्टियों से निकाय से जुड़ी संवैधानिक प्रक्रिया को समझने और राजनैतिक बयानों से बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि राजनीतिक लाभ के लिए भ्रमित करने वाली बयानबाजियां अब विपक्ष को बंद करनी चाहिए। सरकार ने पहले ही विधेयक प्रवर समिति को भेजा है और रिपोर्ट के बाद शीघ्र विशेष सत्र की बात कह चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस भी जानती है कि ओबीसी आरक्षण को लेकर आयोग की रिपोर्ट के मद्देनजर ही निगम और निकाय के एक्ट में संशोधन विधेयक विधानसभा में प्रस्तुत किया गया था। कई विधायकों को इसमें कुछ आपत्ति थी लिहाजा इसे प्रवर समिति को सोंपा गया है। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि शीघ्र ही प्रवर समिति की रिपोर्ट आने के बाद विशेष सत्र बुलाकर इसे पारित किया जाएगा। विधेयक पास होने के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से ओबीसी आरक्षण का नोटिफिकेशन जारी कर उस पर आपत्तियां और सुझाव मांगे जाएंगे। सभी जनपदों से प्राप्त रिपोर्ट के बाद ही चुनाव कराए जाने की निश्चित प्रक्रिया है।

उन्होंने कांग्रेस पर अति उत्साह में जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि निकाय चुनाव जब भी होंगे भाजपा की जीत निश्चित है। हम पिछली बार 7 में से 5 निगम महापौर सीट रिकॉर्ड मतों से जीते थे। राज्य की 99 नगर निकायों में से अधिकांश निकाय में भी भाजपा का जीतना निश्चित है। वहीं कांग्रेस पार्टी समेत तमाम विपक्ष लगातार हार के बाद निकायों में अपने निम्नतम स्तर पर है। लिहाजा उनके लिए यह चुनाव एक मौका पाने की कोशिश भर है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन जनता के मध्य काम करते हुए हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहता है लेकिन एक जिम्मेदार पार्टी होने के नाते वह चुनाव संबंधी सभी संवैधानिक प्रक्रिया के पालन में विश्वास रखती है। कांग्रेस को निकाय चुनावों में अपनी करारी हार के लिए इतना उतावलापन दिखाना उचित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *