केदारनाथ उपचुनाव में प्रचंड जीत के लिए भाजपा तैयार : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 17 सितंबर 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव और निकाय पंचायत चुनावों में प्रचंड जीत के लिए पार्टी तैयार है। चुनाव प्रभारियों ने केदारघाटी में जिम्मेदारी संभाल ली है और निकाय चुनाव में भी शीघ्र पर्यवेक्षक और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस के सदस्यता अभियान पर कहा कि वहां सब हवा हवाई घोषणा कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि संगठन पर्व के तहत राज्य में सदस्यता अभियान तीव्र गति से उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके क्रम में उन्हें कोटद्वार, पौड़ी होते हुए गढ़वाल में आयोजित विभिन्न सदस्यता कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला। राज्य में पार्टी और सरकार के कामों से प्रभावित होकर आम लोगों में संगठन से जुड़ने का जबरदस्त उत्साह है।

उन्होंने केदारनाथ उपचुनाव की तैयारियों को लेकर पूछे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पार्टी प्रचंड जीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी और सहप्रभारी भरत चौधरी समेत सभी टीमें वहां जिम्मेदारी संभालते हुए सक्रिय हो गई हैं। हमारा प्रयास है, सदस्यता अभियान में रुद्रप्रयाग जनपद को शीर्ष पर लाना, ताकि सरकार और संगठन की उपलब्धि पर जनता की मुहर लगाई जाए। वहां सभी बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर संगठन की सक्रियता स्पष्ट कर रही है कि भाजपा वहां प्रचंड जीत दर्ज करने जा रही है।

पर्यवेक्षक और सर्वे रिपोर्ट पर होगा निकाय उम्मीदवारों का चयन

महेंद्र भट्ट ने पंचायत निकाय चुनावों को लेकर कहा कि हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं और आरक्षण के निर्धारण के बाद चुनाव तारीखों का इंतजार कर रहे हैं। शीघ्र ही पार्टी के पर्यवेक्षक सभी क्षेत्रों में भेजे जाएंगे, जो जमीनी हालत को परखते हुए स्थानीय पदाधिकारियों से विचार-विमर्श कर संभावित नामों को सामने लाएंगे। साथ ही समांतर रूप से धरातलीय सर्वे भी कराया जाएगा, जिसकी उम्मीदवार चयन में महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है।

कांग्रेस में हवा हवाई घोषणा कांग्रेस के सदस्यता अभियान को लेकर पूछे गए सवाल पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि वहां न तो कार्यकर्ता है और न ही कैडर है। यही वजह है कि वहां सभी लोग अलग-अलग, अपना-अपना सदस्यता अभियान चला रहे हैं। महिला मोर्चा अलग हवा हवाई लक्ष्य की घोषणा करता है तो कांग्रेस की दूसरी इकाइयां अपने दावे करते हैं। सच्चाई यह है कि कांग्रेस में संगठन नाम की कोई चीज नहीं है और सदस्यता अभियान की घोषणाएं सिर्फ और सिर्फ मीडिया की सुर्खियां बनने के लिए की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *