लोकतंत्र को जीवित रखने का साधन है पत्रकारिता : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 28 अक्टूबर 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में रविवार को आयोजित दीपावली महोत्सव में पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व हम सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का एक विशिष्ट माध्यम है। साथ ही उन्होंने सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता को संविधान का चौथा स्तंभ कहा जाता है। पत्रकार और पत्रकारिता केवल राजनीतिक व सामाजिक विषयों के प्रचार-प्रसार का माध्यम मात्र नहीं बल्कि लोकतंत्र को जीवित रखने का एक साधन भी है। आम जनता को सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं से परिचित कराना हो या उनकी समस्याओं से सरकार को अवगत कराना हो, इन दोनों महत्वपूर्ण दायित्वों का भार मीडिया पर होता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का वो दर्पण है, जो सरकार और उसके पूरे तंत्र को उसके कार्यों के धरातल पर होने वाले प्रभावों से अवगत कराता है। जब कभी राष्ट्र को विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है तो पत्रकार वीर जवानों की भांति उस विकट परिस्थिति में सरकार और जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सशक्त बनाने की दृष्टि से मीडिया जगत को एक महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उत्तराखंड सरकार भी पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। राज्य सरकार ने जहां एक ओर पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि की, वहीं विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों को पूर्व की भांति सूचना विभाग के जरिए प्रदेश की राजधानी में रहने की उचित व्यवस्था में सहयोग करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष में दो करोड़ रुपये की बढ़ोत्तरी भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत पत्रकार दुर्गा नौटियाल के परिवारजनों को पत्रकार कल्याण कोष से पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *