भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उपचुनाव में भाजपा की रिकॉर्ड जीत का किया दावा

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 29 अक्टूबर 2024

उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती है कि केदार घाटी का विकास हो, तभी कांग्रेस के लोग न्यायालय जाकर कार्य रोकने की बात करते हैं। भ्रम फैलाकर धामों की छवि खराब करने में जुटे रहते हैं। क्षेत्रीय अस्मिता एवं डेमोग्राफी को संरक्षित रखने की कोशिशों का विरोध करना इनकी रणनीति का हिस्सा है। केदारघाटी की जनता अब कांग्रेस की सनातन विरोधी मानसिकता बखूबी पहचान चुकी है और इस चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने का काम करेगी।

भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को बयान जारी कर केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार की अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का दावा किया है। भट्ट ने पार्टी उम्मीदवार आशा नौटियाल को कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय जनता की सर्वश्रेष्ठ पसंद बताया। उन्होंने कहा कि विकास, विरासत और पहचान के दम पर इस सीट पर अब तक के सबसे बड़े अंतर से कमल खिलने जा रहा है। आशा नौटियाल दो बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और स्थानीय निवासियों के सुख-दु:ख में साथ खड़ी रही हैं। हमारे लिए संतोष की बात है कि दिवंगत विधायक शैला रानी रावत के असमय निधन से उनके सपनों को पूरा करने की जिम्मेदारी मातृशक्ति को मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ विशेषकर केदारनाथ धाम के प्रति उनकी अगाध आस्था एवं विश्वास का लाभ हजारों करोड़ की विकास योजनाओं के रूप में प्राप्त हुआ है। पहले से अधिक भव्य एवं दिव्य केदारपुरी में सुरक्षित धार्मिक यात्रा के रोज नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों एवं युवाओं की आर्थिकी में लगातार वृद्धि हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *