‘कटोगे तो बंटोगे’ का विकल्प तुष्टिकरण में ढूंढ रही है कांग्रेस : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 29 नवंबर 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि ‘कटोगे तो बंटोगे’ का विकल्प कांग्रेस तुष्टिकरण में ढूंढ रही है। केदारनाथ विधानसभा सीट पर जीत से शुरू हुआ क्रम निकायों और पंचायत चुनाव में भी पार्टी बरकरार रखेगी।

राज्यसभा सत्र में शामिल होने के उपरांत पार्टी मुख्यालय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ निकाय चुनाव को लेकर एक अहम बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार के साथ चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा की।

बैठक से पहले पत्रकाराें के सवालाें का जवाब देते हुए महेंद्र भटृ ने कहा कि चाहे निकायों के चुनाव हो या उसके बाद होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हों। चुनाव को लेकर पार्टी का संगठन पूरी तरह तैयार है और जैसे ही तारीखों का ऐलान होगा, हम अपनी रणनीति धरातल पर उतरना शुरू कर देंगे। हमारा उद्देश्य स्पष्ट है कि विकास के मुद्दे पर प्रदेश की सनातन प्रेमी जनता का विश्वास हासिल करना।

महेंद्र भटृ ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से प्रधानमंत्री मोदी, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी और मुख्यमंत्री धामी का विकल्प नहीं होने के बयान को पूछे सवाल पर कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर सत्य का अनुभव अक्सर हो जाता है। साथ ही कहा कि कांग्रेस समेत तमाम विपक्ष के नेताओं को भी भाजपा के इन सभी नेताओं की लोकप्रियता और कार्यक्षमता का अहसास है। यही वजह है कि जब भी हमारी सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को वे जनता के बीच पाते हैं तो फिर नकारात्मक राजनीति पर उतर जाते हैं, लेकिन यह खुशी की बात है कि हरदा को इस सच्चाई का अहसास हुआ है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस एकता का संदेश नहीं सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति ही करती रही है। जनता उनकी समुदाय विशेष की रणनीति को बखूबी पहचान गई है। लिहाजा प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के देश को जोड़ने वाले नारों का काट ढूंढना उनके लिए असंभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *