राष्ट्रीय खेल में बैडमिंटन के विजेताओं काे मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 05 फ़रवरी 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार काे 38वें राष्ट्रीय खेल की बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों से बातचीत कर उनके अनुभव सुने। खिलाड़ियों ने उत्तराखंड के नैसर्गिक सौंदर्य की प्रसंशा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल परेड ग्राउंड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान खिलाड़ियाें व अन्य वालंटियराें ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेल आयोजित करना राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए सौभाग्य की बात है। उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ खेलभूमि के रूप में भी जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों को लेकर राज्यभर में खेलों की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। कई खेल मैदानों को विकसित किया गया है। इससे भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से राष्ट्रीय खेलों काे देखने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक खेलों की ओर आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पारम्परिक लोक संस्कृति, खानपान से भी देशभर के खिलाड़ी परिचित हो रहे हैं। इस अवसर पर विधायक खजान दास, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *