कृषि मंत्री जोशी बोले- हरेला जितना बड़ा होगा, उतना ही ज्यादा लाभ मिलेगा

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 16 जुलाई 2024

सूबे के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पर्यावरण को समर्पित लोकपर्व हरेला के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर विभिन्न प्रजाति के फलदार पौधों का रोपण किया। साथ ही सभी संस्थाओं और आमजन को पौध लगाने के उपरांत उसके संवर्धन के लिए आह्वान किया और इसके लिए सभी को संकल्प दिलाया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरेला पर्व हरियाली और नई ऋतु के शुरू होने का सूचक है। कृषि मंत्री ने कहा कि मान्यताओं के अनुसार हरेला जितना बड़ा होगा, किसान को उसकी फसल में उतना ही ज्यादा लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि हरेला पर्यावरण और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। यह पर्व संपन्नता, हरियाली, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में हरेला पूजने के उपरांत पौधे लगाए जाने की परंपरा रही है। मंत्री ने कहा कि एक वृक्ष 10 पुत्रों के समान हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दो करोड़ विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण करने का लक्ष्य रखा है। कृषि मंत्री ने कहा कि उद्यान, ग्राम्य विकास और रेशम विभाग ने संयुक्त रूप से 17.50 लाख से अधिक पौधों का रोपण का लक्ष्य रखा है। जोशी ने कहा कि पौधे लगाने के बाद उसके संवर्धन की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मां के सम्मान में एक पौध लगाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *