BJP विधायक महेश जीना को रौब दिखाना पड़ा महंगा, टेंडर मामले में बदसलूकी पर एफआईआर दर्ज

देहरादून नगर निगम में नगर आयुक्त गौरव कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता के मामले में सल्ट के विधायक महेश जीना के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर बलवा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

मुकदमे में चार अन्य भी आरोपी बनाए गए हैं। सल्ट विधायक जीना मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने निगम के अधिकारियों से गाली गलौज की और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी।

मामले में बुधवार को नगर निगम के चालक संघ के सचिव यशपाल सिंह की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। इस पर कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, मामले में विधिक जांच गढ़वाल कमिश्नर कर रहे हैं।

नगर आयुक्त और निगम के वरिष्ठ लिपिक से अभद्रता के विरोध में कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर निगम के सौ वार्डों में बुधवार को डोर-टू-डोर कूड़ा नहीं उठा। कार्यालय में भी कामकाज पूरी तरह ठप रहा। नगर निकाय कर्मचारी महासंघ और अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले में सल्ट विधायक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी, नहीं तो कर्मचारी हड़ताल जारी रखेंगे।

कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि मंगलवार दोपहर सल्ट विधायक महेश जीना ने कूड़ा निस्तारण के टेंडर को लेकर नगर आयुक्त गौरव कुमार और वरिष्ठ लिपिक पवन थापा से अभद्रता की है। इसी के विरोध में निगम के सौ वार्डों में बुधवार को डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम ठप रहा। सार्वजनिक जगहों और कारगी डंपिंग साइट पर भी कूड़े के ढेर लग गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *