भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए जुटने का किया आह्वान

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 29 जुलाई 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने टिहरी के बूढ़ा केदार क्षेत्र में आपदा से हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य भर में आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को राहत व बचाव कार्यों में बढ़चढ़ कर सहयोग करने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भारी बारिश से टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में आई आपदा और उससे हुई जन-धन की हानि पर दुख जताया। साथ ही ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बूढ़ा केदार में घटना स्थल का निरीक्षण किया है। बचाव और राहत कार्यों को तेज करने के आवश्यक निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए हैं। उन्होंने बताया कि समूचा प्रशासन एसडीआरएफ, पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम के साथ सभी जिलों में पीड़ितों को राहत पहुंचाने में लगा हुआ है।

महेंद्र भट्ट ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा की घटनाओं के पीड़ितों की मदद में जुटने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से सुनिश्चित करने को कहा कि रास्ता बंद होने की स्थिति में प्रभावित श्रद्धालुओं और यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्ष के नेताओं से भी आग्रह किया कि आपदाकाल में सभी को राजनीति से ऊपर उठकर, एकजुटता से पीड़ितों की मदद करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *