मुख्यमंत्री ने किया उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का शुभारंभ, राज्य में माल्टा मिशन की घोषणा

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 03 जनवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय उद्यान सर्किट हाउस गढ़ीकैंट में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में माल्टा उत्पादन बढ़ाने के लिए माल्टा मिशन शुरू करने की घोषणा की। उन्हाेंने बताया कि दिल्ली में भी राज्य की ओर से माल्टा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी के साथ विभिन्न जनपदों के माल्टा और नींबू प्रजाति के फलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न उत्पादों का स्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि माल्टा उत्तराखंड की पहचान और परंपरा से जुड़ा है और बागवानी राज्य की अर्थव्यवस्था व समृद्धि को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। माल्टा मिशन के तहत उत्पादन, विपणन और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य, बागान लगाने पर 50 प्रतिशत अनुदान, सूक्ष्म सिंचाई पर 70-80 प्रतिशत अनुदान और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, पलायन रोकने और युवाओं को गांव के पास रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में माल्टा, सेब, नाशपाती, कीवी, अखरोट, आड़ू और नींबू वर्गीय फलों के बागान विकसित किए जा रहे हैं। फसल आधारित क्लस्टर विकसित कर उत्पादन और विपणन को सशक्त बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के हरीश के प्रयासों की भी सराहना की, जिन्होंने 53 प्रजातियों के लगभग 1,000 पौधे रोपित किए हैं और इस बार 200 और पौधे लगाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने अन्य किसानों से प्रेरणा लेने और बागवानी के क्षेत्र में संभावनाओं को साकार करने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्थानीय फलों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पांच वर्षों में उत्तराखंड औद्यानिकी के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

कार्यक्रम में सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी कैलाश पंत, प्रताप सिंह पंवार, सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न जनपदों से आए किसान भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *