महिला के हितों पर कांग्रेस को बोलने का हक नहीं: मनवीर चौहान

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 10 अप्रैल 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीति और नीयत हमेशा से गलत रही है। जो पार्टी महिलाओं के साथ अन्याय करने वाली अपनी महिला नेत्री को न्याय पत्र लेकर देवभूमि भेजती हो, उनको महिला हितों पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने मीडिया सेंटर में पत्रकारों के सवालों पर कहा कि जिस पार्टी की सरकारों ने हमेशा देश एवं सैनिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया हो। जिन्होंने दशकों तक वन रैंक वन पेंशन को लागू नहीं किया। इनके नेताओं ने देवभूमि के सपूत जनरल रावत को सड़क का गुंडा बताया था, लेकिन आज तक उसपर कोई कार्यवाही नहीं हुई। ये लोग सेना के शौर्य का सबूत मांगने वाले हैं।

मनवीर चौहान ने आरोप लगाया कि महिला न्याय की बात करने वाली कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने हाल में ही लोकसभा की महिला उम्मीदवारों को लेकर बेहद अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की। लेकिन उन पर किसी तरह की कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस हाईकमान ने उनमें से एक को न्याय पत्र लेकर उत्तराखंड भेजकर देवभूमि की मातृ शक्ति का अपमान किया है। जिसकी सजा कांग्रेस उम्मीदवारों को इस चुनाव में उत्तराखंड की माताएं बहनें देने जा रही हैं। उन्होंने विकास को लेकर कांग्रेस के आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि आंख मूंदने से सच्चाई नकारी नहीं जा सकती। आज चारो धामों से लेकर गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछा है, रेल हवाई रोपवे सभी कनेक्टिविटी ने सफर बहुत आसान किया है, दशकों से लंबित परियोजनाओं की शुरुआत से राज्य की विकास को रफ्तार दी है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी ने चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 10 वर्षों में 2 लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं उत्तराखंड को दी हैं। कांग्रेस बताए उनकी 10 वर्ष की मनमोहन सरकार ने राज्य को क्या दिया। देना तो दूर अटल सरकार के दिए विशेष राज्य के पैकेज को भी छीन लिया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया में कांग्रेस के शासन से जड़ जमाए हुए नकल माफियाओं को उखाड़ने का काम किया। हमारी डबल इंजन की सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतार रही है और कांग्रेस अपने शासनकाल के झूठे सच्चे पत्राचार को लेकर दावे करने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लाख झूठी बयानबाजी करे या प्रपंच रचे, लेकिन देवभूमि की जनता जानती है और प्रत्यक्ष रूप से देख भी रही है कि प्रधानमंत्री मोदी उनकी कितनी चिंता करते हैं। लिहाजा अब जनता ने भी देश की तरह प्रदेश में भी सभी पांचों सीटें लगातार तीसरी बार भाजपा को जीताने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *