कर्नाटक की तरह पूरे देश में कांग्रेस आरक्षण लागू करना चाहती है : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 26 अप्रैल 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कर्नाटक में ओबीसी आरक्षण पर डाका डालकर मुस्लिम समाज को आरक्षण देने का काम किया। कांग्रेस अब यही नीति कांग्रेस पूरे देश में लागू करना चाहती है, जिसे उन्होंने अपने न्याय पत्र में स्पष्ट भी किया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एक जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से किए कांग्रेसी न्याय पत्र का एक्सरे सही साबित हो रहा है, जिसमे सर्वे कराकर, विरासत टैक्स लगाकर जनता की संपत्ति को हड़पा जाएगा और अपने चहेते वर्ग में बांटा जाएगा।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेसी न्याय पत्र के हिडन एजेंडे की जो पोल खोली है, उसकी पूरी सच्चाई अब सामने आ गई है। कांग्रेस पार्टी के पारिवारिक सलाहकार सैम पित्रोदा ने स्पष्ट कर दिया कि वह विरासत टैक्स लगाकर आपके बच्चों को भी आपके आशीर्वाद स्वरूप सम्पदा से भी महरूम कर देंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी ने यह भी कहा था कि जो संपत्ति कांग्रेस का पंजा सरकार में आने पर जनता से हड़पेगा,उसे संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों के होने की नीति अनुशार बांटा जाएगा। यही सच्चाई है जिसके सामने आने पर पूरी कांग्रेस पार्टी बौखलाई हुई है जबकि देश देख रहा है कि किस तरह कर्नाटक में ओबीसी समुदाय का हक छीन कर मुस्लिम समाज को आरक्षण दिया गया।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब की इच्छा विरुद्ध कांग्रेस ने पहले भी यूपीए शासन में चार बार धर्म के आधार पर मुस्लिमों को आरक्षण देने का प्रयास किया था। ठीक ऐसा ही प्रयास उन्होंने आंध्र प्रदेश में पांच बार किया जिसे उच्चतम न्यायालय ने रिजेक्ट कर दिया था। अब कर्नाटक में इस नीति को अमल में लाने के बाद कांग्रेस पूरे देश में इसे लागू करना चाहती है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले 1985 में अपने परिवार की संपत्ति बचाने के लिए, राजीव गांधी ने विरासत टैक्स को समाप्त किया। और अब उसके बाद इन 4 दशकों में जो कुछ कमाई अपने खून पसीने से जनता ने एकत्र की,उसे कांग्रेसी पंजा विरासत टैक्स लगाकर हड़पने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *