कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है : शीशपाल बिष्ट

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 19 जून 2024

बद्रीनाथ एवं मंगलौर विधानसभा उपचुनाव की रणनीति को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षगणों की बैठक आयोजित की गई। इसमें कहा गया कि कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि लोकसभा चुनावों के उपरान्त विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए एक चुनौती के रूप में हैं। लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस पार्टी को भले ही अपेक्षा के अनुरूप विजय नहीं मिल पाई हो परन्तु पिछले चुनावों के मुकाबले कांग्रेस पार्टी का वोट प्रतिशत काफी बढ़ा है। बद्रीनाथ एवं मंगलौर विधानसभा चुनाव हमें पूरी एकजुटता एवं ताकत के साथ लड़ना है तथा हमें पूरी आशा है कि हम दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भारी मतों से विजय हासिल करेंगे। इसके लिए हमें बूथ स्तर पर घर-घर व्यक्तिगत तौर पर सम्पर्क करना होगा तथा हम जितने अधिक लोगों से व्यक्तिगत सम्पर्क एवं नुक्कड़ सभायें करेंगे, हमें उतना लाभ मिलेगा।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि लोकसभा चुनावों में महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों का मतदान कांग्रेस के पक्ष में रहा है। हमें महिलाओं पर अधिक फोकस करना होगा।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि उपचुनाव में युवाओं की अलग-अलग टीम बनाई जाएगी, जो नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से बूथ स्तर तक युवाओं से संबंधित बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, भर्ती घोटाले जैसे मुद्दे उठाने के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों में भी युवा साथियों से सम्पर्क करना होगा।

सोशल मीडिया उपाध्यक्ष विशाल मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उप चुनाव में भी हमें सोशल मीडिया पर फोकस करना होगा तथा सभी कांग्रेसजनों को पोस्टों को अपने माध्यम से भी शेयर करना होगा ताकि पार्टी की नीतियां अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें, जिसका लाभ हमें निश्चित रूप से मिलेगा। बैठक में उपस्थित पार्टी के सभी विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षगणों ने भी अपने-अपने सुझाव दिये।

बैठक में एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, सोशल मीडिया अध्यक्ष विकास नेगी, उपाध्यक्ष विशाल मौर्य, अमरजीत सिंह, किसान कांग्रेस अध्यक्ष हरमिन्दर सिंह लाडी, बुद्धिजीवी अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी, अनुसूचित जाति अध्यक्ष दर्शन लाल, पूर्व सैनिक अध्यक्ष कैप्टन बलवीर सिंह रावत, खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष सत्येंद्र चौधरी, ओबीसी अध्यक्ष गौरव चौधरी, असंगठित कामगार अध्यक्ष सुशील राठी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी अध्यक्ष मुरली मनोहर, अवधेश पंत, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, गोपाल सिह गडिया, आशीष नौटियाल और मनमोहन शर्मा आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *