रामभक्तों के लिए गुडन्यूज, देहरादून से अयोध्या के लिए हवाई सेवा शुरू

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को दून-अयोध्या, दून-अमृतसर, दून-पंतनगर-वाराणसी को हवाई सेवा का शुभारंभ किया है। एलाइंस एयर ने प्रदेश सरकार की एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत ये उड़ानें शुरू की हैं। 72 सीटर विमान की इस सेवा में पहले दिन अयोध्या के लिए सभी सीटें बुक थीं। अमृतसर के लिए पहले दिन 42 सीटें ही बुक हुईं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने दीप प्रज्ज्वलन के बाद फ्लैग ऑफ कर इन हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार पूरे प्रदेश में लोगों के आवागमन को सुविधाजनक और सरल बनाने के प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने इन सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में हवाई सेवा क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। अयोध्या जा रहे यात्रियों से जयश्री राम के उद्घोष के बीच सीएम ने उन्हें यात्रा की शुभकामनाएं दीं। दून से पंतनगर के विमान में एक यात्री गया। पंतनगर से पांच यात्री वाराणसी गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *