गुलदार ने पुलिसकर्मी समेत दो लोगों पर किया हमला

उत्तराखंड(श्रीनगर),रविवार 17 मार्च 2024

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में वन्यजीवों के हमले की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पौड़ी जनपद के श्रीनगर क्षेत्र का है। जहां श्रीयंत्र टापू के पास ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर दो लोगों पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों पर गुलदार ने अलग-अलग समय पर हमला किया है। घायलों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। उधर, घटना के बाद वन विभाग ने हरकत में आकर पिंजरे लगा दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बीती देर रात करीब 8 बजे हरेंद्र पुंडीर पुत्र चिरंजी लाल श्रीयंत्र टापू से अपनी स्कूटी से घर जा रहा था, तभी घात लगाए गुलदार ने चलती स्कूटी पर हमला कर दिया। जिसमें हरेंद्र बुरी तरह से घायल हो गया। घायल अवस्था में हरेंद्र को बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती किया गया। जहां हरेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है। इसके अलावा बीती देर रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिसकर्मी रोहित नेगी पुत्र पंचम सिंह ड्यूटी पूरी कर अपने घर जा रहा था, तभी उसी जगह पर रोहित पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। जिसमें रोहित लहूलुहान हो गया। रोहित को घायल अवस्था में संयुक्त अस्पताल भर्ती किया गया है। मामले में नागदेव रेंज के रेंजर ललित मोहन नेगी का कहना है कि घटनास्थल यानी श्रीयंत्र टापू के पास पिंजरे लगा दिए गए हैं। जल्द ही गुलदार को पकड़ लिया जाएगा। इसके अलावा दोनों घायलों को मुआवजा दिया जा रहा है। रोहित को जहां 2 हजार रुपए दिए गए हैं तो वहीं हरेंद्र को 5 हजार की राहत राशि दी गई है। दोनों घायलों को 15-15 हजार रुपए दिए जाएंगे।

श्रीनगर में अभी तक 9 लोगों को घायल कर चुका है गुलदार

दरअसल, श्रीनगर में गुलदार के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गुलदार दो बच्चों की जान ले चुका है। इसके अलावा कीर्तिनगर में भी गुलदार ने 5 महिलाओं समेत 9 लोगों को घायल कर चुका है। इतना ही नहीं गुलदार के खौफ की वजह से प्रशासन को स्कूल बंद कराने से लेकर 3 दिन का नाइट कर्फ्यू भी लगाना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *