विधानसभा में कांग्रेस मजबूत होगी तो जनता की आवाज बनेगी : पूर्व सीएम हरीश रावत

उत्तराखंड(गोपेश्वर),शनिवार 22 जून 2024

बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए शुक्रवार को कांग्रेस उम्मीदवार लखपत बुटोला ने नामांकन किया। नामांकन के बाद चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के मुख्य तिराहे पर जनसभा की।

जनसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विधानसभा के अंदर यदि जनता की आवाज उठाने वाला कोई नहीं होगा तो जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता है इसलिए जनता को चाहिए कि एक मजबूत विपक्ष के तौर पर बदरीनाथ विधानसभा से सशक्त आवाज को विधानसभा तक पहुंचाएं, ताकि उनकी समस्याओं को उठाया जा सके और समाधान हो।

हरीश रावत ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश में जनता ने भाजपा को नकारा है और कांग्रेस को एक मजबूत विपक्ष के तौर पर संसद में भेजा है। उन्होंने कहा कि आज नौजवान नौकरियों के लिए दर-दर भटक रहा है लेकिन सरकार नौकरियां देने में असफल रही है। जो पेपर हो भी रहे है वह भी लीक हो रहे है।

जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि यह समय ऐसे नेताओं को सबक सीखाने का है जो जनता को बीच मझधार में छोड़ कर पाला बदल देते हैं। उन्होंने कहा कि जो नेता जनता के साथ विश्वासघात करे उसे कभी माफ नहीं किया जाना चाहिए।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भाजपा परिवारवाद की बात करती है उससे यह पूछा जाना चाहिए कि उनका जो प्रत्याशी इस चुनाव में खड़ा है उससे बड़ा परिवारवादी कौन हो सकता है।

कांग्रेस प्रत्याशी लखपत बुटोला ने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि वह उनकी आकांक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। जनता के हर दुख सुख में उनके साथ खड़े मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *