एप्पल मिशन बजट के समयबद्ध वितरण के निर्देश, 31 मार्च तक भुगतान सुनिश्चित करें

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 24 मार्च 2026

उत्तराखंड सरकार के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सेब की अति सघन बागवानी योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली राजकीय सहायता का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लंबित भुगतान को हर हाल में 31 मार्च से पहले किसानों के खातों में पहुंचाया जाने को कहा है।

सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में मंत्री ने वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के लिए स्वीकृत 2925 लाख रुपये की धनराशि के आवंटन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपदवार मांग के अनुसार शीघ्र धनराशि जारी की जाए, ताकि किसानों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। मंत्री ने कहा कि एप्पल मिशन एवं अति सघन बागवानी योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान हर हाल में 31 मार्च से पहले किसानों के खातों में पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाना प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि स्वीकृत 2925 लाख रुपये की धनराशि से प्रदेश के कुल 1264 किसान लाभान्वित होंगे। इनमें पौड़ी 11, टिहरी गढ़वाल 57,च मोली 24, उत्तरकाशी 895, चंपावत 16, नैनीताल 15, अल्मोड़ा 17, देहरादून 229 किसान शामिल हैं। मंत्री ने अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सचिव कृषि एसएन पांडेय और बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *