एलपीजी घरेलू व व्यवसायिक सिलेंडरों की समय पर हाे आपूर्ति : मुख्य सचिव

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 24 मार्च 2026

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में एलपीजी गैस उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एलपीजी घरेलू व व्यवसायिक सिलेंडरों की आवश्यक मांग के अनुरूप भी आपूर्ति समय पर किए जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने जनपदवार गैस आपूर्ति की अद्यतन जानकारी लेते हुए प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं सहित अस्पतालों, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों को भी निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी स्टेट कॉर्डिनेटर से लगातार संपर्क में रहकर आपूर्ति बढ़ाए जाने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों से नए अपग्रेड शहरी क्षेत्रों को तेल कंपनियों के सिस्टम में भी अपग्रेड किए जाने के लिए कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को पीएनजी आधारित गैस कनेक्शन बढ़ाए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने इसके लिए व्यावसायिक संस्थानों को पीएनजी कनेक्शन के लिए प्रेरित किए जाने की बात कही। उन्होंने गैस के विकल्प के रूप में पिरुल ब्रिकेट को भी बढ़ावा दिए जाने की बात कही। कहा कि इससे एलपीजी की कम खपत के साथ ही चीड़ के जंगलों से पिरुल का निस्तारण हो सकेगा। बैठक में प्रमुख सचिव एल. फ़ैनाई, सचिव विनोद कुमार सुमन आदि माैजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *